अंबाला: बूम से टकराई गाड़ी तो टोल कर्मियों ने पशु पालन विभाग के कर्मचारियों पर पेचकस से किए वार, केस दर्ज

HARYANATV24: हरियाणा के अंबाला में टोल कर्मचारियों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। अंबाला-हिसार मार्ग पर सैनी माजरा टोल प्लाजा पर गाड़ी बूम से टकराई तो टोल कर्मचारी मारपीट पर उतारु हो गए। पशु पालन विभाग के कर्मचारियों पर पेचकस से हमला बोल दिया। नग्गल थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर टोल कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
कैथल निवासी निशांत ने बताया कि वह पशु पालन विभाग (कैथल) में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात है। वह अपने दोस्त आदित्य, नसीब सिंह सोनू के साथ शनिवार को अपनी गाड़ी में पंचकूला गया था।
गाड़ी के शीशे पर मारे मुक्के
निशांत ने बताया कि वह पंचकूला से वापस कैथल लौट रहा था। शाम 6 बजे वे सैनी माजरा टोल टैक्स पर पहुंचे थे। उनके आगे एक गाड़ी और थी। अचानक ब्रेक नहीं लगा तो गाड़ी थोड़ी आगे जाकर रुकी और टोल का बूम उसकी गाड़ी के शीशे पर लगा। उसी समय टोल पर खड़े 6-7 कर्मचारियों ने उसकी गाड़ी के शीशे पर मुक्के मारे।
निशांत ने बताया कि जब उसने मुक्के मारने से मना किया तो टोल कर्मचारी मारपीट पर उतारु हो गए। उसके व उसके दोस्त आदित्य के सिर में पीछे से पेचकस से हमला कर दिया। दोनों के सिर से खून बहने लगा। टोल के सभी कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए उनके ऊपर हमला बोल दिया। टोल पर लंबी लाइन लग गई। राहगीरों ने हमलावरों से बचाया।
जान से खत्म करने की धमकी
निशांत ने बताया कि टोल कर्मचारियों ने धमकी दी कि अगर दोबारा टोल पर आए तो जान से मार देंगे। हमलावरों में एक का नाम यमुनानगर के गांव लंढौरा निवासी वाजिद का पता चला। नग्गल थाना पुलिस ने धारा 148/149/323/506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।