हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट, लेकिन दिन में कड़ाके की ठंड की संभावना कम

HARYANATV24: एक और पश्चिमी विक्षोभ 23 दिसंबर को सक्रिय होगा। ऐसे में हरियाणा में दिन के समय कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम है। 20 व 21 दिसंबर को प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है, इसको लेकर भारत मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से इस बार हरियाणा में कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। उत्तरी पश्चिमी हवाओं में नमी की कमी के कारण कोहरा और कोल्ड डे भी देखने को नहीं मिल रहा है। सुबह से शाम तक चमकदार धूप खिलने से दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट भी नहीं आ रही है।
23 दिसंबर को एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके कारण फिर से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस तरह दिसंबर में दिन में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना काफी कम है।
महेंद्रगढ़ और यमुनानगर में सबसे कम 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, औसत अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की मामूली गिरावट आई। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 से 25.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से मैदानी इलकों में ठिठुरन बढ़ गई है। खासतौर पर पहाड़ से सटे मैदानी इलाकों में सर्दी का प्रकोप देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में अभी दो दिन शीतलहर की संभावना नहीं है।
लेकिन दिल्ली और आसपास के इलाकों समेत उत्तर पश्चिम भारत में उसका ज्यादा असर दो दिन बाद देखने को मिलेगा। दो दिनों तक तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। 22 दिसंबर के बाद सर्दी बढ़ सकती है।