हरियाणा के बजट में अंत्योदय और गरीब कल्याण पर बरसेगा पैसा, इस दिन से शुरू हो सकता है बजट सत्र
HARYANATV24: हरियाणा सरकार साल 2024-25 के लिए राज्य का बजट तैयार करने में जुट गई है। लोकसभा चुनाव से पहले पेश होने वाला प्रदेश सरकार का यह बजट कर रहित होने के साथ ही काफी लोक लुभावना रहने वाला है। वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश की जनता को कई राहत प्रदान कर सकते हैं।
वहीं, गरीब कल्याण की नई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। प्रदेश सरकार का पूरा फोकस अंत्योदय उत्थान और गरीब कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन पर बना हुआ है। हरियाणा मंत्रिमंडल की 30 जनवरी को चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में बजट सत्र की तारीख पर मुहर लग सकती है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसले के करीब 20 दिन बाद तक बजट सत्र आयोजित किया जा सकता है।
इस हिसाब से राज्य का बजट सत्र 18 से 20 फरवरी के बीच हो सकता है। वित्त मंत्री मनोहर लाल ने साल 2023-24 के लिए एक लाख 83 हजार 950 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो कि साल 2022-23 के बजट से 11.6 प्रतिशत अधिक था। इस बार राज्य सरकार का बजट पूरे दो लाख करोड़ का हो सकता है।
वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य के सभी सरकारी विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिए हैं कि साल 2023-24 के बजट में आवंटित जो राशि खर्च होने से रह गई है। इसका सही ढंग से और समय से इस्तेमाल किया जाए, ताकि नई योजनाएं बनाने में किसी तरह का व्यवधान पैदा न हो सके।
हरियाणा सरकार नए बजट में किसानों, मजदूरों और गरीबों के साथ कर्मचारियों के कल्याण पर फोकस कर सकती है। किसानों का विशेष ध्यान रखे जाने की संभावना है। राज्य की 70 प्रतिशत आबादी चूंकि गांवों में रहती है, इसलिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बजट का मुंह गांवों के विकास की तरफ अधिक खुलने की संभावना है। शहरी लोगों को भी निराश नहीं किया जाएगा।
बुजुर्गों की पेंशन में इसी साल बढ़ोतरी होगी। वित्त सचिव अनुराग रस्तोगी सभी विभागों के साथ बजट की तैयारियों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। सरकार बजट में किसी तरह का नया टैक्स लगाने का इरादा भी नहीं रखती है, ऐसे में बजट में सब कुछ अच्छा ही अच्छा होने की संभावना नजर आ रही है।