Haryana: हर जिले में खुलेंगे वृद्ध सेवा आश्रम, 50 हजार गरीबों को मिलेंगे प्लॉट, CM ने की कई घोषणाएं

HARYANATV24: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गरीबों को मुख्यमंत्री आवास योजना(CM Aavas Yojana) के तहत प्रदेश में पहले चरण में 50 हजार प्लॉट दिए जाएंगे। आवेदन के लिए दो दिन बाद पोर्टल खोल दिया जाएगा। प्रदेश में 200 कालोनियों को जल्द ही नियमित किया जाएगा।
प्रदेश के हर जिले में बुजुर्गों के लिए वृद्ध सेवा आश्रम खोले जाएंगे। जिनमें 50-50 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था होगी। करनाल में तीन महीने में सिटी ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। वह रविवार को माडल टाउन में जनसंवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए वृद्ध सेवा आश्रमों में गरीबों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था होगी। साधन संपन्न बुजुर्ग भी अगर आश्रमों में रहना चाहें तो उसके लिए उन्हें राशि का अंशदान करना होगा। उन्होंने कहा कि करनाल में तीन महीने बाद सिटी ई-बस सेवा शुरू की जाएगी।
कुमारी सैलजा की जनसंदेश यात्रा पर कहा कि यह लोकतांत्रिक तरीका है। सबको कार्यक्रम करने और यात्रा निकालने का अधिकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं कि उन्होंने कोरोना महामारी को चुनौती के रूप में लेते हुए विज्ञानियों से मिलकर कम समय में दो वैक्सीन तैयार कराई और जनता को निश्शुल्क उपलब्ध कराई।