हरियाणा में झमाझम बारिश से प्रदूषण से मिली राहत, इन जिलों में भी बारिश का अलर्ट
HARYANATV24: कई राज्यों में हो रही हल्की बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हुई बारिश ने प्रदूषण से राहत दिलाई है। हरियाणा के कई जिलों में हल्की बारिश हुई जिससे मौसम बदल गया। वहीं, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बताया कि 9 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
इस बदलाव के साथ कुरुक्षेत्र सहित अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने व बूंदाबांदी हो रही है। वहीं,आज सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गुड़गांव , मेवात, फरीदाबाद और पलवल में बारिश होने की संभावनाएं हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। 11 नवंबर से मौसम खुश्क तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात व दिन के तापमान में गिरावट की भी संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसान बिजाई करते समय मौसम का ध्यान अवश्य रखें एवं कृषि अधिकारियों व विशेषज्ञों से जानकारी लें।
हरियाणा के मौसम में बदलाव के साथ ही प्रदेश में स्मॉग अभी कम नहीं हुआ है। प्रदेश के फरीदाबाद, फतेहाबाद और जींद की हवा गंभीर श्रेणी में है। इसके अलावा 10 जिले ऐसे है जिनकी हवा ज्यादा खराब की श्रेणी में है। इस स्मॉग से आम आदमी को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश होने से स्मॉग के छंटने की संभावना है।
प्रदेश में स्मॉग का स्तर काफी जिलों में कम हुआ है। बेशक तीन जिले की हवा गंभीर श्रेणी में है मगर प्रदेश के बाकी जिलों के लोगों को राहत मिली है। लोगों को स्मॉग से राहत दिलवाने के लिए प्रशासन की तरफ से शहर में पानी का छिड़काव करवाया जा रहा है मगर उससे अभी ज्यादा राहत नहीं मिली है।
फतेहाबाद और जींद में जलाई गई सबसे ज्यादा पराली
पराली की बात करें तो प्रदेश में 44 जगह पर पराली जलाने की घटनाएं सामने आई है। इसमें सबसे ज्यादा फतेहाबाद में 14 और जींद में 12 घटनाएं सामने आई। प्रशासन की तरफ से इन पराली जलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है।