Main Logo

Himachal: बर्फबारी के बाद होटलों की एडवांस बुकिंग में उछाल, सैलानियों की पहली पसंद बने ये शहर

 | 
बर्फबारी के बाद सैलानियों की पहली पसंद बने ये शहर

HARYANATV24: ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल में सैलानियों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस वीकेंड के लिए होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, चंबा और खजियार सैलानियों के लिए पहली पसंद बने हुए हैं।

जनवरी में बर्फबारी न होने से हिमाचल में पर्यटन कारोबार धीमा पड़ गया था। शिमला में सीजन के पहले हिमपात के बाद सैलानियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

बर्फबारी के बाद हिमाचल में पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। वीकेंड के लिए जहां होटलों के कमरे एडवांस बुक होने शुरू हो गए हैं, वहीं पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए सैलानी ट्रैवल पैकेज बुक कर रहे हैं।

लंबे अंतराल के बाद टैक्सी कारोबारियों के काम में भी तेजी आनी शुरू हो गई है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े गाइड, फोटोग्राफर, घोड़ा संचालक सभी उत्साहित हैं। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है। दिल्ली, चंडीगढ़ और कालका से शिमला आने वाली लग्जरी बसें भी पैक चल रही हैं।

बर्फबारी के बाद शिमला, नारकंडा, किन्नौर, मनाली, कसौली, चंबा और खजियार के लिए अधिक संख्या में बुकिंग आ रही है। टूरिस्ट बर्फ गिरने का इंतजार कर रहे थे। फरवरी के पूरे महीने में प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहेंगे।

पर्यटन उद्योग के लिए बर्फबारी संजीवनी साबित हुई है। बर्फ गिरने के बाद एकाएक पर्यटन स्थलों पर कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। इस वीकेंड के अलावा अगले हफ्ते के लिए भी बुकिंग हो रही है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते सैलानी बुकिंग करवा रहे हैं। - गजेंद्र चंद ठाकुर, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन

राजधानी में बर्फबारी के बाद वीकेंड के लिए सैलानियों की आवाजाही बढ़ना शुरू हो गई है। वीकेंड के लिए होटलों में 40 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो चुके हैं। शनिवार तक 60 फीसदी तक कमरे बुक होने की उम्मीद है।


 

Around The Web

Trending News

You May Like

Recommended