Main Logo

हरियाणा: एशियाई खेलों में वादा पूरा किया, नीरज ने 15 दिन पहले पिता को स्वर्ण पदक का दिया था भरोसा

 | 
हरियाणा: एशियाई खेलों में वादा पूरा किया, नीरज ने 15 दिन पहले पिता को स्वर्ण पदक का दिया था भरोसा

HARYANATV24: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा ने माता-पिता और परिवार ही नहीं, अपने समर्थकों की भी उम्मीदें पूरी कर दी। नीरज ने बुधवार को चीन के हांगझोऊ के एचओएसी स्टेडियम में जेवलिन थ्रो में जैसे ही 88.88 मीटर भाला फेंका, माता-पिता व उनके समर्थक खुशी से झूम उठे। इसी थ्रो के साथ उन्हें स्वर्ण पदक की उम्मीद बंध गई थी।


पिता सतीश कुमार और मां सरोज देवी ने बताया कि नीरज से 15 दिन पहले फोन पर बात हुई थी। उसने मेहनत को स्वर्ण में बदलने का भरोसा दिया था और बेटे ने अपना वादा मैदान में पूरा कर दिखाया। पिता ने बताया कि स्वर्ण के साथ रजत पदक भी देश की झोली में आने पर खुशी दोगुनी हो गई है।

जिले के खंडरा गांव स्थित नीरज चोपड़ा के घर पर बुधवार सुबह चहलपहल रही। नीरज के पिता सतीश कुमार और मां सरोज देवी के साथ चाचा भीम चोपड़ा ने अपने दैनिक कार्य समय पर निपटाए और शाम को साढ़े चार बजे से पहले ही नीरज का थ्रो देखने के लिए तैयार हो गए। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ नीरज का मैच देखा।

नीरज जैसे ही मैदान में उतरे तो पूरा घर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनका पहला थ्रो करीब 89 मीटर पर था। परिजन व समर्थक खुशी से झूम उठे, लेकिन अगले ही पल तकनीकी कारणों के चलते थ्रो मान्य न होने पर वे मायूस हो गए।


नीरज ने अपना तीसरा थ्रो 88.88 मीटर फेंका तो पूरा घर खुशी से झूम उठा। चाचा भीम चोपड़ा ने बताया कि नीरज का लक्ष्य एशियाई खेलों में इंचियोन-2014 में किंगगांग झाओ का 89.15 मीटर का एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ने का था।

मैं कभी टीवी पर नीरज का मैच नहीं देखता : भीम
चाचा भीम चोपड़ा ने बुधवार को नीरज चोपड़ा का मैच टीवी पर नहीं देखा। वे इस दौरान बाहर गली में खड़े होकर मोबाइल पर स्कोर देखते रहे। पिता सतीश कुमार मैच देखने के दौरान मोबाइल पर भी अपडेट होते रहे। चाचा नीरज चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने टीवी पर आज तक नीरज का मैच नहीं देखा। वे उन्हें नजर से बचाने के लिए ऐसा करते हैं।

एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर मनोहर लाल ने दी बधाई
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा को एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए कहा है कि नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर से देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है और उनकी इस उपलब्धि पर पूरे देश को उन पर गर्व है। चीन में चल रहे एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा ने 88.88 मीटर का भाला फेंक स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नीरज चोपड़ा और उनके पूरे परिवार को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के इस लाल ने एक बार फिर न केवल हरियाणा बल्कि पूरे भारत का परचम विश्व स्तर पर लहराया है। मुख्यमंत्री ने नीरज को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सुखद भविष्य की कामना की है।

Around The Web

Trending News

You May Like

Recommended